बहरागोड़ा : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने शुक्रवार को जमशेदपुर के वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी से उनके सीएच एरिया स्थित कार्यालय में मुलाकात कर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते हाथियों के उपद्रव से लोगों के जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रभावी एवं त्वरित कदम उठाने का आग्रह किया. डॉ गोस्वामी ने कहा कि विगत दस वर्षों में चाकुलिया-बहरागोड़ा क्षेत्र में हाथियों के हमलों से 47 निर्दोष लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 41 लोग घायल हुए हैं. वर्ष 2026 में अब तक पांच लोगों की जान जा चुकी है और पांच घायल हुए हैं. हाथियों के झुंड गांवों में प्रवेश कर घरों को क्षतिग्रस्त कर रहे हैं और गरीब किसानों की फसलों को रौंदकर भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं. जंगल से सटे गांवों में रहने वाले ग्रामीण भय और दहशत में रात गुजारने को विवश हैं. उन्होंने वन विभाग से हाथियों के झुंड को सुरक्षित रूप से दलमा के घने जंगलों में भेजने की ठोस व्यवस्था करने का आग्रह किया. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ. गोस्वामी ने हाथी के हमले में मारे गए चाकुलिया प्रखंड के कालियाम गांव निवासी अनिल महतो के आश्रितों को सरकार द्वारा निर्धारित 10 लाख रुपये की मुआवजा राशि का भुगतान 15 दिनों के भीतर करने की भी मांग की. उन्होंने हाथी प्रभावित सभी गांवों के ग्रामीणों को बचाव के लिए पर्याप्त संख्या में टॉर्च, मशाल, पटाखे एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा सामग्रियां मुहैया कराने की मांग की. साथ ही जंगल से सटे गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का भी आग्रह किया, ताकि रात्रि के समय हाथियों की गतिविधियों का समय रहते पता चल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके. डॉ. गोस्वामी ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा के साथ-साथ हाथियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी वन विभाग की जिम्मेदारी है. इसके लिए विभाग को स्थानीय ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित कर दीर्घकालिक एवं वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए. इस अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा भी उपस्थित थे.




