जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी ने अगस्त माह की शुरुआत अपने गतिविधियों के साथ की. उपायुक्त सह रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष सह जिला अंधापन निवारण समिति के अध्यक्ष राजीव रंजन के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में गरीब जरूरतमंदों के मोतियाबिन्द ऑपरेशन के लिए संचालित नेत्र शिविरों की कड़ी का 820वां नेत्र शिविर बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में आयोजित हुआ. टाटा स्टील एवं निप्पन स्टील के संयुक्त उपक्रम जेसीएपीसीपीएल के सीएसआर अभियान के तहत आयोजित हो रहे नेत्र शिविर में डॉ बीपी सिंह एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम ने 52 नेत्र रोगियों की आंखों की जांच कर 28 मोतियाबिन्द ग्रस्त मरीजों का चयन किया. स्वास्थ्य जांच में उपयुक्त पाये जाने पर रविवार को ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण नवनिर्मित ऑपरेशन थियेटर में किया जाएगा. आज जांच सत्र के दौरान पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह के साथ पेट्रॉन संजय सिंह, वाइस पेट्रॉन राजेश मोहन प्रसाद, कार्यकर्ता राकेश मिश्र, आशीष कुमार, राधेश्याम कुमार, हीरालाल एवं श्याम कुमार प्रसाद उपस्थित रहे.
(नीचे भी पढ़ें)
इस महीने 6 रक्तदान शिविर, 5 नेत्र शिविर व 4 स्वास्थ्य शिविर आयोजित करेगा रेड क्रॉस
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा शनिवार को अगस्त महीने के मानव सेवा कार्यों की शुरुआत की गई. इस महीने 6 रक्तदान शिविर सहित 5 नेत्र शिविर और 4 स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन के साथ ही स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त पर साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में उपायुक्त सह अध्यक्ष द्वारा 11.15 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जरूरतमंद टीबी मरीजों को पोषण किट एवं विटामिन प्रदान किया जायेगा. इससे पूर्व चार दिवसीय जिला स्तरीय 15 अगस्त परेड रिहर्सल में रेड क्रॉस सोसाइटी की एम्बुलेंस एवं फर्स्ट एड टीम भाग लेगी वहीं 15 अगस्त को जिला के मुख्य समारोह स्थल, गोपाल मैदान में भी रेड क्रॉस की एम्बुलेंस एवं फर्स्ट एड टीम तैनात रहेगी. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह ने युवा सदस्यों से रेड क्रॉस के मानव सेवी अभियानों से वोलेंटियर के रूप में जुड़ने का आग्रह करते हुए सदस्यों से कहा है कि वे अपने सुविधानुसार रेड क्रॉस सोसाइटी के मानव सेवी कार्यक्रमों में अवश्य शामिल हों.



