जमशेदपुर : आज़ादनगर थाना क्षेत्र के चेपापुल के समीप शनिवार शाम करीब 7:55 बजे हुए सड़क हादसे में 50 वर्षीय नाजो बीबी घायल हो गईं. हादसे के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) रेफर किया गया. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. परिजनों के अनुसार, नाजो बीबी सड़क किनारे बैठकर सब्जी खरीद रही थीं. इसी दौरान एक काले रंग की एक्सयूवी का पहिया उनके कंधे पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. (नीचे भी पढ़ें)
घायल महिला के बेटे शाहरुख ने बताया कि हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार चालक को रोक लिया. इसके बाद चालक ने अपनी ही गाड़ी से नाजो बीबी को इलाज के लिए उमा अस्पताल पहुंचाया. वहां से डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया. वहीं, कार चालक ने बताया कि महिला सड़क किनारे बैठकर सब्जी खरीद रही थीं और वाहन ऊंचा होने के कारण उन्हें दिखाई नहीं दिया. उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताते हुए कहा कि वह घायल महिला के इलाज का पूरा खर्च उठाने के लिए तैयार हैं. घायल नाजो बीबी ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अपोलो टायर के समीप की निवासी हैं.




