
पटमदा : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका कमलपुर थाना क्षेत्र के काटिन चौक के समीप बराभूम–बांदोवान मुख्य सड़क पर शनिवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान धादकीडीह टोला काशीडीह निवासी 20 वर्षीय मंटू महतो और बांधडीह निवासी संजय सिंह के रूप में हुई है. दोनों कमलपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल पटमदा के माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई. फिलहाल दोनों घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है.




