जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध विशेष छापेमारी अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है. इसी क्रम में सहायक आयुक्त उत्पाद को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत तुरियाबेड़ा इलाके में छापेमारी कर नकली विदेशी शराब की एक मिनी फैक्ट्री का उदभेदन किया गया. छापेमारी के दौरान बिट्टू कुमार महतो के अर्धनिर्मित मकान से लगभग 70 लीटर तैयार रंगीन नकली विदेशी शराब तथा दो कार्टन में रखी लगभग 18 लीटर बोतलबंद नकली विदेशी शराब बरामद की गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसके अलावा विभिन्न ब्रांड के सीलिंग कॉर्क, ढक्कन, शराब की बोतलों पर चिपकाए जाने वाले फ्रंट एवं रियर लेबल, शराब को अपेक्षित रंग एवं फ्लेवर देने में प्रयुक्त कैरामेल तथा नकली उत्पाद आसंजक (इएएल) सहित भारी मात्रा में अन्य सामग्री भी जब्त की गई. उक्त छापेमारी के दौरान कुल 88 लीटर तैयार नकली विदेशी शराब के साथ-साथ शराब निर्माण एवं पैकेजिंग में प्रयुक्त सामग्री जब्त की गई. मामले में मिनी फैक्ट्री के संचालक रिफ्यूजी कॉलोनी, संकोसाई रोड नंबर-1 निवासी बिट्टू महतो के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत एवं कठोर धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज किया गया है. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध एवं नकली शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी.




