चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की लोधाशोली पंचायत के आमलागोड़ा उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक बैजू मांडी और सहायक शिक्षक बंशी बदन गोप की सक्रियता से गांव के सबर टोला के बच्चे भी शिक्षित हो रहे हैं. विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय में कक्षा 1 से 8 तक के 21 सबर बच्चे नामांकित हैं, जिनमें अधिकांश रोजाना विद्यालय आते हैं. उन्होंने बताया कि सबर बच्चों को विद्यालय लाने के लिए वे समय-समय पर सबर टोला में जाकर सबर बच्चों के परिजनों से मिल कर उन्हें विद्यालय में नामांकन कराने के लिए, शिक्षा क्यों जरूरी है, इसकी जानकारी देकर अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते रहते हैं, जिससे प्रभावित होकर अभिभावक भी अपने बच्चों को विद्यालय भेज रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
स्कूल के शिक्षकों ने बताया कि धान की रोपनी के समय और अन्य वन संपदा के संग्रह के समय सबर बच्चों की विद्यालय में उपस्थित कम हो जाती है. वर्तमान में कक्षा 8 की दो छात्राएं और एक छात्र और कक्षा 7 की एक छात्रा विगत एक सप्ताह से विद्यालय नहीं आ रहे हैं. शिक्षकों ने बताया कि उक्त विद्यार्थी रोजगार के लिए अभिभावकों के साथ खेत में धान रोपनी का कार्य कर रहे हैं. वे उन सभी अभिभावकों से मिलकर बच्चों को रोजाना विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि बच्चे विद्यालय आकर शिक्षा ग्रहण कर सकें. सबर बच्चे शिक्षित हों इसके लिए वे सबर विद्यार्थियों को कलम, कॉपी और स्कूल बैग आदि देकर समय-समय पर प्रोत्साहित भी करते हैं, ताकि अन्य सबर बच्चे भी पढ़ाई में रुचि लें और परीक्षा में बेहतर अंक ला सकें. वहीं कुछ सबर बच्चों के पास स्कूल द्वारा की ओर से अब तक जूता नहीं मिला है और कुछ सबर बच्चों के जूते फट भी गए हैं, जिस कारण वे सभी चप्पल पहनकर या खाली पैर ही विद्यालय आते हैं. इस संबंध में शिक्षकों ने बताया कि इस सत्र में अब तक विभाग द्वारा जूते उपलव्ध नहीं कराए गए हैं, जिसके कारण बच्चों के बीच जूते वितरित नहीं हो पाए हैं.




