रांची : झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनशन पर बैठे आंदोलनकारी नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से वीडियो कॉल पर बातचीत के बाद अपना निर्जला अनशन समाप्त कर दिया. श्री वांगचुक ने उनके स्वास्थ्य की चिंता जताते हुए पानी पीते रहने और आंदोलन जारी रखने की सलाह दी. इसके बाद देवेंद्र नाथ महतो ने जल ग्रहण किया. उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन और अनशन पहले की तरह जारी रहेगा, लेकिन अब वे पानी का सेवन भी करेंगे. इस दौरान डॉक्टरों की टीम ने उनके स्वास्थ्य की जांच की. वहीं महेंद्र मंडल भी अनशन पर बैठे हैं. दूसरी ओर ब्रह्मानंद कुमार अब भी खुले में निर्जला अनशन पर डटे हुए हैं. उन्होंने अब तक पानी का सेवन नहीं किया है और उनका निर्जला अनशन चौथे दिन में प्रवेश कर गया है. (नीचे भी पढ़ें)
दूसरी ओर, राज्य सरकार ने माहौल को भांपते हुए अधिकारियों के दल को आंदोलनकारियों के साथ वार्ता करने के लिए भेजा है. इन अधिकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का संदेश पहुंचाया और कहा कि मुख्यमंत्री उनसे बात करना चाहते है, जिस कारण वे लोग एक प्रतिनिधिमंडल चले और बातचीत करें ताकि इसका सकारात्मक रास्ता निकल सके. बताया जाता है कि शाम का समय मुख्यमंत्री के साथ तय हुआ है, जिसमें पांच लोग जाकर मुख्यमंत्री से मिलकर बातचीत करेंगे. रांची के राजकीय अतिथिशाला में यह वार्ता होगी. इस बीच आंदोलनकारियों से मिलने के लिए भाजपा के सारे बड़े नेता पहुंचे. बाबूलाल मरांडी, आदित्य साहू समेत कई नेताओं के दल ने आंदोलनकारियों से मुलाकात की और उनको समर्थन दिया. इस बीच मुख्यमंत्री ने रांची में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सारे लोगों के लिए सरकार के दरवाजे खुले हुए है. वे लोग जब चाहे सरकार के लोगों के साथ बातचीत कर सकते है.




