सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भालुकोचा स्थित यदुवंशी होटल (लाइन होटल) में गुरुवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते आग ने होटल के एक हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया. घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को दी, लेकिन दमकल की गाड़ी करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची. इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया. (नीचे भी पढ़ें)

दमकल कर्मियों के पहुंचने के बाद काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में होटल के सामान को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है.




