जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा प्रांगण में एनएसएस स्वयंसेविकाओं द्वारा भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन हो रहा है. कुलपति डॉ इला कुमार के मार्गदर्शन में आओजित हो रहे स्वच्छता पखवाड़ा के छठे दिन एनएसएस स्वयंसेविकाओं की ओर से विश्वविद्यालय के सिदगोड़ा कैंपस से जागरूकता रैली निकली गई. (नीचे भी पढ़ें)

छात्राओं ने रैली के बाद बागुनहातु चौराहे पर नुक्कड़ नाटक द्वारा लोगों को स्वच्छता संबंधी बातें बताईं. तत्पश्चात “राजकीय सरना उत्क्रमित मध्य विद्यालय “बागुनहातु में छात्राओं ने स्कूली बच्चों के सामने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया तथा उन्हें अपने आसपास के क्षेत्र को और स्वयं को कैसे स्वच्छ रखना है, इसके लिए उन्हें क्या-क्या करना चाहिए, एक बच्चे के तौर पर वह क्या करके अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रख सकते हैं, इन सभी बातों से अवगत कराया. स्कूली बच्चों ने भी मनोरंजन के साथ-साथ सभी बातों को अच्छे से सीखा. बच्चों ने भी गंदगी से होने वाली बीमारियों के विषय में और जानना चाहा तथा अपने आस-पास गंदगी से होने वाली बीमारियों के विषय में भी बताया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद सभी ने मिल कर शपथ ली कि वे अब कभी गंदगी नहीं फैलाएंगे और स्वच्छता पर पूरा ध्यान देंगे तथा अपने देश को स्वच्छ बनाने के लिए वे आज से ही पूरा योगदान करेंगे. बाद में बच्चों के बीच टॉफी आदि का वितरण भी किया गया. इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ सुधीर कुमार साहू, एनएसएस कोऑर्डिनेटर डॉ ग्लोरिया पुर्ती, एनएसएस ऑफिसर डॉ सुनीता कुमारी, गोपाल चक्रवर्ती, डॉ ममता कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा.




