जमशेदपुर : वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में जनता दल यूनाइटेड, जमशेदपुर महानगर, पूर्वी सिंहभूम की ओर से शहर के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में एक सम्मान समारोह का आयोजन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आवासीय कार्यालय में किया गया. कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिक एस.पी. सिंह, इंद्रजीत सिंह, ब्रह्मेश्वर पांडेय, चंद्रेश्वर शर्मा, अनिल ठाकुर, कृष्ण कुमार, त्रिलोचन सिंह, सत्येंद्र सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों को जदयू पदाधिकारियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया. इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों ने समाज के उत्थान, सामाजिक समरसता एवं नई पीढ़ी के मार्गदर्शन को लेकर अपने बहुमूल्य विचार भी साझा किए. इस अवसर पर जदयू के जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू, सचिव विकास साहनी, विनोद सिंह, विजय सिंह, दिनेश सिंह, चंद्रदीप पांडेय, विकास सिंह एवं दिलीप प्रजापति सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जदयू नेताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं. उन्होंने अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष, ज्ञान और योगदान से समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उनके अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं. वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान केवल किसी एक दिवस या कार्यक्रम तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन के लिए समाज एवं सरकार को निरंतर प्रयास करना चाहिए. वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बुजुर्गों का सम्मान हमारी परंपरा और संस्कार का अभिन्न हिस्सा रहा है. जिस समाज में बुजुर्गों के अनुभव और ज्ञान का सम्मान होता है, वह समाज अपनी जड़ों से जुड़ा रहते हुए निरंतर प्रगति करता है. कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की कामना की गई. सम्मानित वरिष्ठ नागरिकों ने जदयू की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं. जदयू नेताओं ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड समाज के सभी वर्गों के सम्मान, अधिकार एवं कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है. पार्टी भविष्य में भी वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाती रहेगी तथा उनके हितों और सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर आवाज बुलंद करेगी. कार्यक्रम में जदयू के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे.




