जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रॉयल कॉलोनी में रविवार सुबह एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान जुगसलाई के छपरहिया मोहल्ला निवासी पिंटू सिंह (45) के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने पर बागबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया. जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पिंटू सिंह रॉयल कॉलोनी स्थित अपनी पत्नी कल्याणी सिंह के घर पर थे. इसी दौरान उन्होंने कमरे में फांसी लगा ली. घटना की जानकारी मिलने पर उनकी पत्नी ने परिजनों को फोन कर सूचना दी. इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिंटू सिंह को फंदे से उतारा और इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गई. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया. हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. बागबेड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
उधर, मृतक के भतीजे ने बताया कि सूचना मिलने पर जब वह बागबेड़ा स्थित चाची के घर पहुंचा, तो पिंटू सिंह जमीन पर पड़े थे. परिजनों के अनुसार, पिंटू सिंह और उनकी पत्नी के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होता था. मृतक के भतीजे ने पिंटू सिंह के फांसी लगाने की बात पर शंका जाहिर करते हुए मामले की सही जांच की मांग की.




