बहरागोड़ा : ओडिशा सीमा से सटे बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में अवैध खनन और बालू तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस टीम ने सोमवार देर रात एनएच-49 स्थित कलियाड़िंगा चौक के पास ओडिशा के जामसोला की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक संदिग्ध हाईवा (डब्ल्यूबी 29सी 3639) को अंतरराज्यीय सीमा में प्रवेश करते ही रोक लिया.
तलाशी के दौरान हाईवा में भारी मात्रा में बालू लदा मिला. पुलिस ने चालक से बालू के परिवहन से संबंधित वैध चालान और माइनिंग दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने हाईवा को मौके पर ही जब्त कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
मामले में चालान काटने की कार्रवाई के साथ खनन विभाग के समन्वय से प्राथमिकी दर्ज करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन और बालू तस्करी में शामिल लोगों में हड़कंप मचा है.




