चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सोसोपी से तेंतडोपोसी जाने वाली सड़क पर हुई सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए. घायलों में एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. हादसा सोसोपी-तेंतडोपोसी मार्ग पर बुढ़ाकमान जाने वाली सड़क के समीप हुआ. जानकारी के अनुसार, नोवामुंडी थाना क्षेत्र के तोड़ेतोपा निवासी बुधराम बरजो (17), महेंद्र बरजो (16) और सिद्धू बरजो एक ही मोटरसाइकिल से आधार कार्ड बनवाने जगन्नाथपुर आए थे. आधार कार्ड बनवाने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से घूमते हुए सोसोपी-तेंतडोपोसी मार्ग से अपने घर लौट रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान बुढ़ाकमान के समीप मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद रास्ते से गुजर रहे जगन्नाथपुर निवासी अनिल सागर और संजीत प्रधान ने घायलों को देखा और तत्काल अपनी गाड़ी से तीनों को जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद महेंद्र बरजो को मृत घोषित कर दिया. वहीं सिद्धू बरजो की हालत गंभीर बताई गई है. उसके जबड़े, दांत और छाती में गंभीर चोटें आई हैं. बुधराम बरजो को अपेक्षाकृत हल्की चोट लगी है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है.




