जमशेदपुर: सर्वोदय समिति, जमशेदपुर के तत्वावधान में आगामी 13 सितंबर 2026 को अपराह्न 3:30 बजे बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में ‘साझी शहादत-साझी विरासत’ विषय पर महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की तैयारियों और उद्देश्य की जानकारी देने के लिए बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि सेमिनार में देश और प्रदेश के कई वरिष्ठ राजनीतिक, सामाजिक, श्रमिक नेता, जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्ध नागरिक शामिल होंगे. प्रेस वार्ता में आयोजकों ने कहा कि भारत की पहचान सदियों से साझी संस्कृति, गंगा-जमुनी तहजीब, सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और विविधता में एकता के लिए रही है.(नीचे भी पढ़े)
देश के स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर स्वतंत्र भारत के निर्माण तक विभिन्न धर्मों, समुदायों, वर्गों और क्षेत्रों के लोगों ने कंधे से कंधा मिलाकर महत्वपूर्ण योगदान दिया. अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, वहीं राष्ट्र निर्माण में भी समाज के प्रत्येक वर्ग की भूमिका रही है.वक्ताओं ने कहा कि साझी शहादत और साझी विरासत भारत की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है. ऐसे समय में जब समाज में विभाजन और वैमनस्य पैदा करने वाली प्रवृत्तियां दिखाई देती हैं, तब देश के साझा इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में विभिन्न समुदायों के योगदान और सांस्कृतिक विरासत को सामने रखना बेहद जरूरी है. इसी उद्देश्य से इस सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है.(नीचे भी पढ़े)

आयोजकों के अनुसार सेमिनार में कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य सह सांसद तारिक अनवर, पूर्व सांसद आनंद मोहन, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य सह हरियाणा पीसीसी के पर्यवेक्षक अजय कुमार लल्लू, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद डॉ. अजय कुमार, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बालमुचू, राजेश ठाकुर, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पूर्व सदस्य दीपक सिंह, झारखंड के विधायक कुमार जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह, झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, झारखंड विधानसभा के पूर्व विधायक मलखान सिंह, झारखंड मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह तथा झारखंड इंटक के अध्यक्ष राजेश्वर पांडेय प्रमुख रूप से शामिल होंगे.इसके अलावा मेयर सुधा गुप्ता, इंडियन नेशनल मेटल वर्क्स फेडरेशन के महासचिव रघुनाथ पांडेय, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महासचिव आरके सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, नट्टू झा, विजय खान, विजय यादव, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह तथा पूर्व विधायक कुणाल षांड़गी सहित कई गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे.
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि आज जरूरत है कि नई पीढ़ी को देश के उस इतिहास से परिचित कराया जाए, जिसमें विभिन्न धर्मों, समुदायों और वर्गों के लोगों ने मिलकर स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूती दी. उन्होंने कहा कि साझा इतिहास और विरासत को समझने से समाज में आपसी विश्वास, सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारा मजबूत होगा.(नीचे भी पढ़े)
आयोजकों ने कहा कि ‘साझी शहादत, साझी विरासत और साझी जिम्मेदारी’की भावना को जन-जन तक पहुंचाना सेमिनार का प्रमुख उद्देश्य है. कार्यक्रम के माध्यम से समाज में एकता, भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा.प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने मीडिया से कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार में सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया समाज में सकारात्मक संवाद और सद्भाव का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसलिए इस आयोजन को जन-जन तक पहुंचाने में पत्रकारों का सहयोग और मार्गदर्शन अपेक्षित है.प्रेस वार्ता में रियाजुद्दीन खान, मनोज कुमार सिंह, उदय सिंह, संतोष जायसवाल, ब्रजकिशोर प्रसाद, राणा सिंह, सुनील सिंह, केपी तिवारी, कमल नयन, रिज़वी, कुणाल मुखी, जतिन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे.




