रांची : ओडिशा के श्री जगन्नाथ धाम-पुरी में अब झारखंड सरकार का अपना अत्याधुनिक झारखंड भवन अपना गेस्ट हाउस होगा. समुद्र के समीप बनने वाले इस गेस्ट हाउस के निर्माण पर करीब 99 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. वर्तमान ओडिशा के पुरी में झारखंड सरकार का गेस्ट हाउस किराए के भवन में संचालित हो रहा है. नए भवन के निर्माण को लेकर प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है और झारखंड सरकार के भवन निर्माण विभाग की ओर से इसका तकनीकी अनुमोदन भी दे दिया गया है. नए गेस्ट हाउस की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंजूरी दे दी है. अब इसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. परियोजना के पूरा होने के बाद पुरी आने वाले झारखंड के मंत्रियों, सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आम लोगों को भी ठहरने की सुविधा मिल सकेगी. (नीचे भी पढ़े)

हालांकि आम लोगों को ठहरने के लिए संबंधित विभाग के माध्यम से बुकिंग करानी होगी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा सरकार ने अपने इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (आइडीसीओ) के माध्यम से पुरी सदर के ग्राम बालुखंडा में झारखंड सरकार को करीब 0.35 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है. प्रस्तावित स्थल कोणार्क वन्यजीव अभयारण्य के पास स्थित है। वहीं, यह स्थान विश्व प्रसिद्ध भगवान महप्रभु श्री जगन्नाथ-धाम मंदिर से करीब 8 किलोमीटर की दूरी पर है. झारखंड भवध के गेस्ट हाउस के लिए जमीन हासिल करने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है. झारखंड सरकार की ओर से आइडीसीओ को 49.70 लाख रुपये लीज प्रीमियम, 7.20 लाख रुपये स्टांप ड्यूटी के साथ वार्षिक किराया और रजिस्ट्रेशन शुल्क का भुगतान किया जा चुका है. दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लीज एग्रीमेंट भी पहले ही हो चुका है. नया गेस्ट हाउस बनने के बाद पुरी में झारखंड से आने-जाने वाले लोगों को ठहरने के लिए बेहतर और स्थायी सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. खासकर सरकारी दौरे पर आने वाले मंत्रियों और अधिकारियों के लिए यह भवन उपयोगी साबित होगा. इसके अलावा झारखंड से तीर्थस्थल व पर्यटक पुरी घूमने और भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु के दर्शन के लिए आने वाले आम लोगों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत यहां ठहरने का अवसर मिल सकेगा. (नीचे भी पढ़े)
करीब 99 करोड़ रुपये की इस परियोजना के प्रशासनिक अनुमोदन के बाद निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. समुद्र के नजदीक और श्री जगन्नाथ महाप्रभु मंदिर के आसपास झारखंड सरकार का स्थायी गेस्ट हाउस बनने से पुरी आने वाले झारखंडवासियों के लिए एक बड़ी सुविधा विकसित होने की उम्मीद है. इस सुविधा के लिए बहुत दिनों से ओडिशा राज्य के मयूरभंज जिला बहलदा के पूर्व विधायक प्रह्लाद पुर्ती भी प्रयासरत रहे थे, जिन्होंने झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व उनकी विधायक धर्मपत्नी जो ओडिशा की बहलदा निवासी है, उनको बारंबार पत्र लिखकर झारखंड भवन निर्माण हेतू बहुत दिनों से मांग किया जा रहा था, जिससे झारखंड राज्य में निवास कर रहे श्री जगन्नाथ महाप्रभु के भक्तों व पर्यटकों को सुविधाएं मिल सके, जो अब झारखंड भवन बनने पर सपना साकार होने जा रही है. इसके लिए झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री व उनकी धर्मपत्नी विधायिका श्रीमती कल्पना मुर्मू सोरेन को विशेष धन्यवाद और आभार प्रकट करते हैं.








