बहरागोड़ा : नववर्ष 2026 के आगमन की खुशी में बहरागोड़ा और चाकुलिया प्रखंड के विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. लोगों ने नव वर्ष की शुरुआत भगवान की पूजा कर की. बहरागोड़ा प्रखंड के चित्रेश्वर स्थित पौराणिक शिव मंदिर में पूजा अर्चना के लिए गुरुवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अनेक श्रद्धालु भी पूजा अर्चना के लिए पहुंचे थे. मंदिर में विशेष पूजा की गई. इस दौरान एक हजार आठ बेल पत्र से भगवान शिव का अभिषेक किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बड़शोल थाना की पुलिस भी मौजूद थी. मंदिर में पूजा करने के लिए पुरुष और महिलाओं की अलग-अलग कतार लगी थी. इधर बहरागोड़ा के बनकटा पंचायत के रसिक जीवन मंदिर में सुबह से पुरोहित कालिपद पांडा द्वारा पूजा की जा रही है. साथ ही महुलडांगरी शिव मंदिर, डुंगरी शिव मंदिर, जगन्नाथ मंदिर बहरागोड़ा, राधा कृष्ण मंदिर मोहनपुर में सुबह से ही पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ है. वहीं चाकुलिया के प्रसिद्ध नागाबाबा मंदिर और चंडेश्वर शिव मंदिर में पूजा करने के लिए भक्तों की भीड़ देखी गई. ग्रामीण श्रद्धा पूर्वक पूजा कर नव वर्ष की शुरुआत की.















