जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने शहर के सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को हमेशा हेलमेट का उपयोग करना चाहिए. वहीं पुलिस ने चौपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया है. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग केवल पुलिस की चेकिंग या चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए करें. सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं में हेलमेट और सीट बेल्ट गंभीर चोटों और जानमाल के नुकसान से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जमशेदपुर पुलिस ने स्पष्ट कहा कि यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए. वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है. ऐसे में सुरक्षित ड्राइविंग, निर्धारित गति सीमा का पालन और सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग बेहद जरूरी है. पुलिस ने लोगों से घर से निकलते समय हेलमेट और सीट बेल्ट को अपनी रोजमर्रा की आदत बनाने की अपील की है. उन्होंने कहा है- याद रखें, हेलमेट और सीट बेल्ट चालान से बचने के लिए नहीं, जीवन बचाने के लिए हैं.




