जमशेदपुर : बिरसानगर गुरुद्वारा साहिब में रविवार को धार्मिक आस्था, श्रद्धा और उत्साह के माहौल में गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का नया पावन स्वरूप सुशोभित किया गया. इस अवसर पर टेल्को स्थित गुरुद्वारा साहिब से पंज प्यारों की अगुआई में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में सिख संगत शामिल हुई. नगर कीर्तन की शुरुआत टेल्को गुरुद्वारा साहिब में अरदास के साथ हुई, जिसके बाद गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के पावन स्वरूप को विशेष रूप से सजाई गई पालकी में सुशोभित कर बिरसानगर गुरुद्वारा साहिब के लिए रवाना किया गया. पालकी साहिब के पीछे स्त्री सत्संग सभा की महिलाएं सबद-कीर्तन करती चल रही थीं, वहीं आगे सेवादार झाड़ू लगाकर सेवा कर रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

टेल्को से बिरसानगर तक नगर कीर्तन मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर संगत का स्वागत किया. कई स्थानों पर जलपान एवं सेवा शिविर भी लगाए गए थे. बिरसानगर गुरुद्वारा पहुंचने पर गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज के नए स्वरूप को पूरे धार्मिक विधि-विधान और आदर के साथ सुशोभित किया गया. इसके बाद संगत के बीच गुरु का लंगर बरताया गया. नगर कीर्तन में बिरसानगर गुरुद्वारा के प्रधान परमजीत सिंह रोशन एवं उनकी टीम के अलावा सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार भगवान सिंह, चेयरमैन सरदार शैलेन्द्र सिंह, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, सुखदेव सिंह बिट्टू, अमरजीत सिंह, मीत प्रधान सुरजीत सिंह खुशीपुर, लखविंदर सिंह, सीजीपीसी के सलाहकार सुरेन्द्र सिंह शिंदे, सुखविंदर सिंह राजू, अर्जुन सिंह वालिया सहित विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों और सिख संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर सेंट्रल सिख स्त्री सत्संग सभा की प्रधान रविंदर कौर, चेयरमैन कमलजीत कौर, महासचिव परमजीत कौर, कमलजीत गिल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं. गुरु महाराज के पावन स्वरूप की सेवा राजवीर सिंह द्वारा की गई. बिरसानगर गुरुद्वारा के प्रधान परमजीत सिंह रोशन सहित गुरुद्वारा कमेटी, स्त्री सत्संग सभा, सिख नौजवान सभा और समूह साध संगत ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सेवादारों एवं स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया. आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और धार्मिक उत्साह का माहौल बना रहा.




