जमशेदपुर: जमशेदपुर सोपोडेरा के आदिवासी यंग बॉयज क्लब के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-12 वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालीमाटी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान (उपविजेता) हासिल किया है. इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मंगलवार को विद्यालय परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन कर विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन होनहार खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल से सभी का दिल जीत है. इसमें कक्षा 7वीं का प्रथम स्थान प्राप्त करने वाला छात्र किशोर मुंडा, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले में कक्षा 7वीं का अनिकेत दास और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले में कक्षा 6वीं का देवांश पात्रो शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव ने बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि हमारे विद्यार्थियों ने खेल के मैदान में जो अनुशासन और हुनर दिखाया है, वह पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है. मुझे पूरा विश्वास है कि ये बच्चे भविष्य में भी इसी तरह कड़ी मेहनत कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे.
समारोह के दौरान खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए विद्यालय की शिक्षिका कंचन तिवारी, शिक्षिका एंजेलीना टिग्गा और करनदीप सिंह उपस्थित रहे.




