जमशेदपुर : टाटा स्टील और जापानी स्टील कंपनी निप्पन की संयुक्त उपक्रम जेसीएपीसीपीएल के कर्मचारियों का बोनस समझौता बुधवार को हुआ. इस समझौता के तहत कर्मचारियों को इस साल भी 20 फीसदी बपोनस मिलेगा. बोर्ड रुम में हुई मीटिंग के बाद बोनस समझौता पर हस्ताक्षर किया गया. वित्तीय वर्ष 2025-2026 के वार्षिक बोनस समझौते को बोर्ड रूम में जेसीएपीसीपीएल प्रबंधन एवं जेसीएपीसीपीएल वर्कर्स यूनियन के बीच सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया. इस वर्ष कुल 1,00,40,473 रुपये (एक करोड़ चालीस हजार चार सौ तिहत्तर रुपये) की बोनस राशि 144 कर्मचारियों के बीच वितरित की जाएगी, जो प्रत्येक कर्मचारी के बेसिक व डीए का 20 फीसदी है. बोनस का निर्धारण प्रमुख प्रदर्शन मानकों के आधार पर किया गया है, जिनमें सुरक्षा, उत्पादकता, ग्राहक शिकायतें एवं कंवर्सन कास्ट शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)

इस वर्ष सबसे गौरवपूर्ण उपलब्धियों में से एक जीरो एलटीआइ (लॉस टाइम इंजुरी) प्रदर्शन रहा है. यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है और सभी कर्मचारियों की सुरक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता एवं सतर्कता को दर्शाती है. पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष बोनस में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. इस साल कुल बोनस 1,00,40,473 रुपये (एक करोड़ से अधिक) जबकि पिछले वर्ष 88 लाख रुपये बोनस दिया गया था. इस साल अधिकतम बोनस 74,859 रुपये मिलेगा जबकि पिछले वर्ष अधिकतम 60,690 रुपये बोनस दिया गया था. इस साल न्यूनतम बोनस 59,127 रुपये मिलेगा जबकि पिछले वर्ष 51,360 रुपये बोनस मिला था. इस साल औसत बोनस 69,726 रुपये मिलेगा. बोनस की राशि 17 सितम्बर से पहले कर्मचारियों के बैंक खातों में जमा होने की उम्मीद है. जेसीएपीसीपीएल वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने कहा है कि यह उपलब्धि सभी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, प्रतिबद्धता, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है. विशेष रूप से जीरो एलटीआइ का प्रदर्शन हम सभी के लिए गर्व का विषय है. (नीचे भी पढ़ें)

इस उत्साहजनक उपलब्धि के लिए सभी साथियों को हार्दिक बधाई. आइए, हम इसी एकजुटता, सहयोग, प्रतिबद्धता और सकारात्मक भावना के साथ आगे बढ़ते हुए आने वाले वर्ष में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करें. समझौता पर जेसीएपीसीपीएल के एमडी कपिल मोदी, कार्यकारी निदेशक अकीहिको तनिगुची, मुख्य वित्तीय अधिकारी प्रवीण एस हेगड़े, सीएचआरओ विकास कुमार, जीएम एमएस व पीपीएसडी सिद्धार्थ मिश्रा, जीएम ऑपरेशंस एंड मेंटनेंस किरीट बी दक्सिनी, डिवीजनल मैनेजर एइ व क्यूए गौतम मुखर्जी, सहायक डिवीजनल मैनेजर एचआरएम एंड एडमिन तौसीफ इकबाल ने किया जबकि जेसीएपीसीपीएल वर्कर्स यूनियन की ओर से अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष शहनवाज आलम, उपाध्यक्ष कृष्ण मोहन सिंह, महासचिव रवि कुमार, सहायक महासचिव संजीव कुमार महतो, कोषाध्यक्ष मंडापति चिरंजीवी, अध्यक्ष के सलाहकार मदन लाल परदेशी निषाद, कमेटी मेंबर प्रद्युम्न कुमार ने हस्ताक्षर किये. इसमें गवाह के तौर पर वरिष्ठ प्रबंधक वित्त एवं लेखा भोला नाथ, कमेटी मेंबर मनीष गुप्ता रहे.







