जमशेदपुर : पड़ोसी देश नेपाल में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए झारखंड के जमशेदपुर में रहने वाले नेपाली समुदाय ने मानवता की मिसाल पेश की है. स्थानीय नेपाली नागरिकों ने आपस में 1,66,000 नेपाली रुपये (नेरू) की सहयोग राशि जुटाई है. इस पूरी राशि को सीधे नेपाल के प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप उद्धार कोष (प्रधानमंत्री आपदा कोष) के बैंक खाते में जमा करा दिया गया है. यह सराहनीय अभियान दुर्गा खड़का के नेतृत्व में चलाया गया. राहत राशि को सफलतापूर्वक एकत्रित करने और बैंक के माध्यम से नेपाल सरकार के आधिकारिक खाते में सुरक्षित भेजने में स्थानीय सहयोगियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सहयोग भी किये. (नीचे भी पढ़ें)
इस पुनीत कार्य में गोपाल दंगाल, विजय न्यौपाने, राजेश श्रेष्ठ ,टीका राम श्रेष्ठ और हरि रानाभाट ने मुख्य भूमिका निभाई और घर-घर जाकर सहयोग राशि जुटाने में विशेष योगदान दिया. अभियान के संयोजकों ने बताया कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है. ऐसे संकट के समय में जमशेदपुर में रहने वाले हर नेपाली नागरिक का यह कर्तव्य है कि वे अपने भाइयों और बहनों की मदद के लिए आगे आएं. उन्होंने इस मुहिम में योगदान देने वाले सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त किया है.




