जमशेदपुर : भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमित अग्रवाल ने शहर में लगातार घट रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता जताते हुए इसके कारणों को चिह्नित करते हुए उनका स्थायी निदान किये जाने की जरूरत बताई है. अमित ने कहा कि एग्रिको में हुई दर्दनाक दुर्घटना में पिता-पुत्र की मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के दो लोगों की असमय मौत केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि हमारी सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल है. जमशेदपुर की सड़कों पर बढ़ते यातायात दबाव और लगातार घट रही दुर्घटनाओं को देखते हुए अब केवल हेलमेट चेकिंग, चालान और दुर्घटना के बाद की कार्रवाई से काम नहीं चलेगा. जरूरत है दुर्घटनाओं के मूल कारणों की पहचान कर उनके स्थायी निदान की. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील और जिला प्रशासन को यह स्पष्ट करना होगा कि आखिर लगातार घट रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दीर्घकालिक योजना क्या है? शहर के जिन प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर लगातार जाम, अत्यधिक यातायात दबाव और दुर्घटनाओं की स्थिति बनी रहती है, वहां फ्लाइओवर, अंडरपास अथवा अन्य स्थायी ट्रैफिक समाधान की दिशा में तत्काल ठोस पहल होनी चाहिए. टाटा स्टील से स्पष्ट आग्रह है कि जमशेदपुर की सड़क व्यवस्था को केवल नियमित मरम्मत और ट्रैफिक प्रबंधन तक सीमित न रखा जाए, बढ़ते ट्रैफिक और दुर्घटनाओं को देखते हुए प्रमुख दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक ट्रैफिक ऑडिट कराकर जहां आवश्यक हो, वहां फ्लाइओवर निर्माण की कार्ययोजना तैयार की जाए. साथ ही, जिला प्रशासन द्वारा शहर के सभी ब्लैक स्पॉट्स और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग, रोड साइन, स्पीड कंट्रोल, जेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक सिग्नल, सीसीटीवी निगरानी और नियमित ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करनी होगी.




