जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र के सारी गांव में 38 वर्षीय मनोहर माझी की हत्या के मामले का पुलिस ने सोमवार को 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस ने हत्या के आरोपी बूढ़ीगोड़ा निवासी शंभू सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि पत्नी से छेड़खानी किए जाने से नाराज शंभू सिंह ने मनोहर माझी की हत्या की थी.
जागरण कार्यक्रम के दौरान शराब पीने गया था मृतक : डीएसपी के अनुसार, शनिवार देर रात गांव में आयोजित जागरण कार्यक्रम के दौरान मनोहर माझी अपने गांव के दुर्लभ सिंह के साथ बूढ़ीगोड़ा में शराब पीने गया था. दोनों ने वहां शराब बेचने वाली एक महिला से शराब खरीदी. नशे में धुत होने के बाद मनोहर ने महिला के साथ कथित तौर पर छेड़खानी शुरू कर दी. इस पर महिला के पति शंभू सिंह ने मनोहर को समझाया और वहां से घर भेज दिया. (नीचे भी पढ़ें)
कलवर्ट के पास सोते मिला मनोहर : घर लौटने के दौरान रास्ते में एक कलवर्ट पर मनोहर माझी सो गया, जबकि दुर्लभ सिंह अपने घर चला गया. इधर, पत्नी के साथ छेड़खानी से नाराज शंभू सिंह ने भी शराब पी और मनोहर की तलाश में निकल पड़ा. कलवर्ट के पास मनोहर को अकेला सोता देखकर शंभू ने उसे धक्का देकर नीचे खेत में गिरा दिया. इसके बाद बड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी.
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका : पुलिस ने आरोपी शंभू सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर खुलासा करने में डीएसपी दयानंद कुमार, इंस्पेक्टर अजय कुमार ठाकुर, थाना प्रभारी विष्णु चरण भोगता, अवर निरीक्षक गंदुर उरांव तथा सहायक अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार एवं विजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही.




