जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मोबाइल चोरी की घटनाएं एक बार फिर सामने आई हैं. रविवार देर रात अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के दो मोबाइल फोन चोरी हो गए. एक घटना अस्पताल के भूतल पर, जबकि दूसरी दूसरे तल्ले पर एनआईसीयू वार्ड के समीप हुई. दोनों वारदातों की शिकायत पुलिस से की गई है. चोरी की एक घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है. पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार, गम्हरिया निवासी अर्जुन कालिंदी रात करीब दो बजे अस्पताल के भूतल पर सो रहे थे. इसी दौरान उनकी जेब से करीब 75 हजार रुपये कीमत का आईफोन चोरी हो गया. सुबह नींद खुलने पर मोबाइल गायब मिला. उन्होंने इसकी जानकारी अस्पताल के पूछताछ केंद्र पर तैनात सुरक्षाकर्मी को दी. इसके बाद अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और पुलिस को सूचना दी गई. (नीचे भी पढ़ें)

सीसीटीवी में चादर ओढ़कर बगल में सोता दिखा युवक : सीसीटीवी फुटेज में एक युवक रात करीब 12 बजे के बाद अर्जुन कालिंदी के बगल में चादर ओढ़कर सोता दिखाई दे रहा है. करीब दो बजे के बाद वह वहां से निकलता नजर आया. फुटेज के आधार पर पुलिस युवक की पहचान करने में जुटी है. दूसरी घटना अस्पताल के दूसरे तल्ले पर एनआईसीयू वार्ड के समीप हुई. यहां कुर्सी पर सो रहे पश्चिम बंगाल निवासी एक युवक की जेब से करीब सात हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया. दोनों पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
20 दिन पहले पकड़े गए थे चार मोबाइल चोर : गौरतलब है कि करीब 20 दिन पहले भी एमजीएम अस्पताल में मोबाइल चोरी करने वाले एक आरोपी को सुरक्षाकर्मियों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था. आरोपियों के पास से चोरी के कई मोबाइल फोन के अलावा बाइक और स्कूटी भी बरामद की गई थी. सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया था. इसके बाद कुछ दिनों तक अस्पताल परिसर में चोरी की कोई घटना सामने नहीं आई थी. रविवार देर रात दोबारा मोबाइल चोरी की घटनाएं सामने आने से मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है. अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.




