जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कॉलोनी पानी टंकी के समीप रोड नंबर-1, ब्लॉक नंबर 14/2/2 में अज्ञात चोरों ने सेवानिवृत्त आर्मी जवान श्रवण कुमार के बंद घर का ताला तोड़कर 30 लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है. बताया जाता है कि श्रवण कुमार पिछले कई महीनों से अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं. इस कारण उनका घर लंबे समय से बंद था. मंगलवार को वह अपने पुत्र सत्यम के साथ अस्पताल से घर पहुंचे. इस दौरान उन्हें दो तल्ले की छत के पीछे लगे ग्रिल की कुंडी टूटी मिली. घर के अंदर जाने पर अलमारी टूटी हुई थी और उसमें रखे गहने समेत अन्य सामान गायब थे. (नीचे भी पढ़ें)
चोर घर से इनवर्टर, महंगे कपड़े, बिजली के उपकरण, सीलिंग पंखे, पंप का मोटर सहित कई अन्य सामान चोरी कर ले गए. घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा, प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा और वार्ड सदस्य उमेश पांडे मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटना की जानकारी ली और बागबेड़ा थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर को मामले से अवगत कराया. सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से भी जानकारी ले रही है.




