जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग एवं जमशेदपुर मैनेजमेंट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में कुलपति प्रो इला कुमार के मार्गदर्शन में हिन्दी दिवस के अवसर पर ‘स्पंदन’ हिन्दी काव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता मानविकी संकायाध्यक्ष डॉ सुधीर कुमार साहू ने की. कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डायरेक्टर एवं डीन, अकादमिक अफेयर्स, डॉ किश्वर आरा रहीं. वहीं सम्मानित साहित्यकार डॉ अरुण सज्जन और हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ पुष्पा कुमारी निर्णायक मंडली के सदस्य के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों का पौधा भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया. कार्यक्रम समन्वयक डॉ नूपुर अन्विता मिंज ने आगत अतिथियों का स्वागत करने के साथ ही विषय प्रवेश कराया. इसके पश्चात हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ पुष्पा कुमारी ने हिन्दी दिवस की प्रासंगिकता तथा विद्यार्थियों में हिन्दी एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने में ऐसे आयोजनों की भूमिका पर प्रकाश डाला. (नीचे भी पढ़ें)
हिन्दी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘स्पंदन’ काव्य प्रतियोगिता में कुल 26 छात्राओं ने भाग लिया. प्रतियोगिता की विशेषता यह रही कि इसमें केवल हिन्दी विषय की छात्राओं ने ही नहीं, बल्कि विभिन्न विषयों में अध्ययनरत छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की. प्रतिभागियों ने स्वरचित कविताओं के माध्यम से अपने विचारों, संवेदनाओं और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया. प्रतियोगिता में स्नातक सत्र 5 की वर्षा पति ने प्रथम स्थान, स्नातक सत्र 1 की सीमा कुमारी ने द्वितीय स्थान तथा स्नातक सत्र 1 की कुमारी निकिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. (नीचे भी पढ़ें)
डॉ सुधीर कुमार साहू ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में हिन्दी भाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को हिन्दी के प्रति जागरूक होने तथा भाषा और साहित्य के क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम का मंच संचालन अभिलाषा जायसवाल एवं संतोषी नाथ ने किया. कार्यक्रम के सफल आयोजन में हिन्दी विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका रही. अंत में हिन्दी विभाग की सहायक शिक्षिका सिंधु शर्मा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. कार्यक्रम में भौतिक विभागाध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल, आयशा समेत विभिन्न संकायों के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहे. ‘स्पंदन’ काव्य प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा और संवेदनाओं को मंच पर अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान किया तथा हिन्दी दिवस के आयोजन को साहित्यिक एवं सृजनात्मक स्वरूप प्रदान किया.




