जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में व्यापारियों को सुगमता से सिक्के उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सिक्का वितरण अभियान के तहत आज गोलमुरी बाजार में 2.50 लाख मूल्य के सिक्कों का वितरण किया गया. यह वितरण बैंक ऑफ बड़ौदा, बिष्टुपुर के सौजन्य से किया गया. सिंहभूम चैंबर के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी, सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भारत मकानी, बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारी नीरज प्रसाद एवं चैंबर कार्यसमिति सदस्य अमिश अग्रवाल की उपस्थिति में सिक्कों का वितरण किया गया. चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि बाजारों में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करना व्यापारियों और ग्राहकों दोनों के लिए आवश्यक है. चैंबर लगातार बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर इस समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत है.(नीचे भी पढ़े)
चैंबर उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि व्यापारियों को सिक्के प्राप्त करने में हो रही परेशानी को देखते हुए चैंबर ने यह अभियान शुरू किया है. उन्होंने कहा कि अब तक 65लाख के सिक्कों का वितरण किया जाना इस अभियान की उपयोगिता को दर्शाता है. बैंकिंग संस्थानों के सहयोग से आने वाले दिनों में भी सिक्का वितरण का कार्य निरंतर जारी रखा जाएगा, ताकि बाजार में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे. चैंबर सचिव भारत मकानी ने कहा कि सिक्का वितरण अभियान को व्यापारियों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है. उन्होंने बैंक ऑफ बड़ौदा सहित सहयोगी बैंकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चैंबर का उद्देश्य व्यापारियों को उनकी दैनिक कारोबारी जरूरत के अनुसार सिक्के आसानी से उपलब्ध कराना है. उन्होंने अन्य बैंकों से भी इस अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया.




