रामगोपाल जेना,चक्रधरपुर: चक्रधरपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों में मंगलवार को करम पर्व हर्षोल्लास एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया. बहनों ने भाईयों की लंबी आयु, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की, जबकि कुंवारी कन्याओं ने उपवास रखकर करम डाली की पूजा-अर्चना की.बनमालीपुर, मंडलसाई, ईटोर, सेताहाका,राखा,आसनतलिया,जारकी, कुंभाटोली, टोंकाटोला, सिमिदिरी सहित पोटका पंप रोड में करमा की धूम रही.श्रद्धालुओं ने करम डाली को अखाड़ा स्थल पर स्थापित कर फल-फूल,जौ,धान एवं बालू से विधिवत पूजा की.(नीचे भी पढे)

बनमालीपुर में विधायक सुखराम उरांव के पुत्र सोनु उरांव सहित अन्य श्रद्धालु करम डाली काटकर तालाब तक लाए.इसके बाद महिलाओं ने पूजा-अर्चना की और ढोल-मांदर की थाप पर करमा गीत गाते हुए पूजा पंडाल पहुंचीं.शाम को विधायक सुखराम उरांव एवं नवमी उरांव ने भी करम डाली के समक्ष पूजा-अर्चना की.पोटका पंप रोड में भी युवक-युवतियां मांदर की थाप पर थिरकते नजर आए. बुधवार को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद करम डाली एवं जाउआ का विसर्जन किया जाएगा.इसके बाद श्रद्धालु पारन करेंगे और करमा उत्सव का समापन होगा. इस मौके पर विधायक सुखराम उरांव, नवमी उरांव, नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, छोटू उरांव सहित अन्य मौजूद रहे.







