जमशेदपुर : टाटा स्टील डाउन स्ट्रीम प्रोडक्ट लिमिटेड (टीएसडीपीएल) यूनियन द्वारा कर्मचारियों के हित में किए गए महत्वपूर्ण समझौतों को लेकर यूनियन के कमिटी मेंबरों ने यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया. संपन्न हुए वार्षिक प्रॉफिट बोनस समझौते में कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए किए गए प्रयासों तथा ग्रेड समझौते के तहत हुए महत्वपूर्ण लाभ कर्मचारियों के लिए 25 लाख रुपये के ग्रुप इंश्योरेंस की सुविधा लागू कराने की दिशा में की गई पहल के लिए कमिटी मेंबरों ने अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया. ग्रुप इंश्योरेंस की सुविधा के लिए कर्मचारियों को निर्धारित अंशदान की राशि मासिक रूप से देनी होगी. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर यूनियन के सदस्यों ने राकेश्वर पाण्डेय को माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया. सदस्यों ने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और आर्थिक हितों से जुड़े ऐसे निर्णय यूनियन की प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं. इस अवसर पर यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय ने सभी कमिटी सदस्यों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यूनियन का उद्देश्य हमेशा कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना और उनके भविष्य को अधिक सुरक्षित बनाना रहा है. बोनस समझौते के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए 25 लाख रुपये के ग्रुप इंश्योरेंस की सुविधा लागू होना एक महत्वपूर्ण पहल है. यह सुविधा कर्मचारियों और उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में उपयोगी कदम है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रबंधन के साथ सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद के माध्यम से आगे भी कर्मचारियों से जुड़े विषयों के समाधान के लिए यूनियन लगातार प्रयास करती रहेगी. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता और यूनियन के सभी पदाधिकारियों एवं कमिटी मेंबरों के सहयोग से ही ऐसे महत्वपूर्ण फैसले संभव होते हैं. उन्होंने सभी से इसी प्रकार एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया. इस अवसर पर यूनियन की ओर से महामंत्री त्रिदेव सिंह, सच्चिदानंद, प्रमोद उपाध्याय, राजेश कुमार, शशि मिश्रा, रंजन मिश्रा, शशि वीर राणा, अमन, दिनेश कुमार, मनोज कुमार सिंह, अरुण त्रिपाठी, कौशलेस कुमार, उपेंद्र राय, अनीश झा, सीबी सिंह सहित अन्य कमिटी सदस्य उपस्थित रहे.







