जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो काड़ी पत्थर में पुलिस ने गांजा की खरीद-बिक्री के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है. गिरफ्त आरोपियों में चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली का रहने वाले अशोक तुरहा (42) और अभिजीत तुरहा (20) शामिल है. वहीं छापेमारी दल ने 3.093 किलो गांजा, 5.19 लाख रुपये नकद, स्मार्टफोन, तौल मशीन और पैकिंग सामग्री बरामद की है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि 19 सितंबर को दोपहर करीब 12:05 बजे सूचना मिली थी कि डोबो काड़ी पत्थर और आसपास के इलाके में गांजा की खरीद-बिक्री होने वाली है. सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम-जमशेदपुर पुलिस और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने डोबो काड़ी पत्थर निवासी अशोक तुरहा के घर की घेराबंदी की. पुलिस के घर में प्रवेश करने पर दो व्यक्ति मशीन से गांजा तौलकर छोटे-छोटे प्लास्टिक पाउच में पैक करते मिले. पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया. पुलिस आगे गांजा के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.




