जमशेदपुर: समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में तकनीकी विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में ग्रामीण कार्य विभाग (आरईओ), पथ निर्माण विभाग (आरसीडी), विशेष प्रमंडल, भवन निर्माण, भवन निगम समेत अन्य तकनीकी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.बैठक में उपायुक्त ने बारिश के कारण जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों समेत अन्य स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मोटरेबल बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्व त्योहार में आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभाग क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र सुनिश्चित करें. ग्रामीण कार्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने पाया कि कुछ योजनाओं का शिलान्यास पूर्व हो चुका है लेकिन कार्य अब तक प्रारंभ नहीं हुआ है. (नीचे भी पढे)
उन्होंने ऐसी सभी योजनाओं को 15 दिनों के अंदर अनिवार्य रूप से प्रारंभ करने अथवा नियमानुसार रद्द करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में संवेदक की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें डिबार करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से संबंधित समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई. वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी), अंचल कार्यालय से भूमि सीमांकन समेत अन्य अंतर्विभागीय मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.उपायुक्त ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान समेत सभी तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता, सहायक और कनीय अभियंता उपस्थित थे.




