जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा में गुरुवार को करंट लगने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान बहरागोड़ा के दरखुली निवासी मोनू सीट उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है. हादसे के बाद उसे तत्काल टीएमएच ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार, मोनू पिछले करीब 23 वर्षों से डॉक्टर विजय अग्रवाल दंपति के परिवार के साथ काम कर रहा था. परिजनों के मुताबिक, वह बचपन से ही इसी परिवार के साथ रहकर काम करता था और उसका अधिकांश जीवन इसी परिवार के बीच बीता. (नीचे भी पढ़ें)

बताया गया कि गुरुवार को मोनू घर के बेसमेंट में कपड़े सुखाने के लिए गया था. इसी दौरान बिजली के संपर्क में आ जाने से उसे जोरदार करंट लग गया. हादसे के बाद उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर हो गई. बाद में उसे टीएमएच ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मोनू की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई. लंबे समय से डॉक्टर परिवार के साथ रहने और काम करने के कारण वह परिवार का करीबी सदस्य बन गया था. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची सीतारामडेरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोनू किन परिस्थितियों में बिजली के संपर्क में आया और हादसा कैसे हुआ.




