जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित श्रीनाथ विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी (बायोटेक्नोलॉजी) एवं कृषि विभाग की ओर से विद्यार्थियों को शैक्षणिक और शोध संबंधी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइटी) खड़गपुर के जैव विज्ञान एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया. इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को उन्नत वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक तकनीकों और अत्याधुनिक प्रयोगशाला सुविधाओं के बारे में जानने का अवसर मिला. साथ ही, उन्होंने जैव प्रौद्योगिकी और कृषि के क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध, तकनीकी विकास तथा भविष्य में उपलब्ध शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की. इस शैक्षणिक पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना था. इसके माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक सोच, अनुसंधान के प्रति रुचि और नवाचार की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
श्रीनाथ विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुमित रस्तोगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भविष्य में भी इस तरह की शैक्षणिक गतिविधियों, संस्थागत भ्रमण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के अधिक अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के ज्ञान और कौशल को विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. आइआइटी खड़गपुर का यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव रहा, जिसने उन्हें विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और सतत कृषि विकास के क्षेत्र में नई संभावनाओं को तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया.








