जमशेदपुर : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन सह वरीय अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ला के प्रयासों से साइबर थाना कांड संख्या 75/2025 के अभियुक्त ओम कुमार पाठक को बड़ी राहत मिली है. उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार अग्रिम जमानत मिलने के बाद गुरुवार 15 अक्टूबर को आरोपी ने जमशेदपुर कोर्ट के अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय (एडिशनल सेशन जज-II) आनंदमणि त्रिपाठी की अदालत में आत्मसमर्पण कर अपना बेल बॉन्ड दाखिल किया, जिसके उपरांत अदालत ने उन्हें विधिवत जमानत प्रदान कर दी. न्यायालय परिसर में चली इस कानूनी प्रक्रिया के दौरान अभियुक्त पक्ष की ओर से पैरवी की कमान झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन एवं प्रसिद्ध अधिवक्ता राजेश कुमार शुक्ला ने संभाली. (नीचे भी पढ़ें)
उनके साथ अधिवक्ता मिथिलेश सिंह और अक्षय कुमार झा ने भी मुख्य रूप से सहयोग किया. इसके अलावा बचाव पक्ष की विधिक टीम में अधिवक्ता हेमंत कुमार, रमेश प्रसाद, राजेश कुमार प्रमाणिक और विजय शर्मा समेत कई अन्य विधि विशेषज्ञ भी सक्रिय रूप से शामिल रहे. अदालत द्वारा बेल बॉन्ड स्वीकार किए जाने और जमानत मिलने के बाद अभियुक्त और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है. इस मामले की कानूनी हलचल ने स्थानीय कचहरी परिसर में खासी सुर्खियां बटोरी हैं.





