जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, जमशेदपुर लोकसभा प्रभारी सतीश पाल मुंजानी, जिला प्रभारी शशि भूषण राय एवं पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने जिले के विभिन्न स्थानों का दौरा कर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. इस दौरान नेताओं ने हाल के दिनों में जमशेदपुर के जिला कांग्रेस कार्यालय, तिलक पुस्तकालय में भाजपा महिला विंग के प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से हुई लाठी-डंडे एवं पत्थरबाजी की घटना में घायल कांग्रेसजनों का हाल जाना तथा घटना पर गहरी नाराजगी व्यक्त की. दौरे के क्रम में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित अन्य वरिष्ठ नेता सिदगोड़ा स्थित वरिष्ठ कांग्रेस नेता सह पूर्व जिला महामंत्री मनोज उपाध्याय के आवास पर पहुंचे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पार्टी के प्रति उनके समर्पण, निष्ठा और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि पार्टी के लिए उन्होंने जिस साहस और प्रतिबद्धता का परिचय दिया है, वह सभी कांग्रेसजनों के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की ताकत है और कार्यकर्ताओं के सम्मान एवं सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने जिला कांग्रेस कार्यालय में भाजपा महिला विंग के प्रदर्शन के दौरान हुई कथित लाठी-डंडे एवं पत्थरबाजी की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण ढंग से विरोध-प्रदर्शन करने का अधिकार है. कांग्रेस जिला कमेटी ने भी लोकतांत्रिक परंपराओं और अतिथि सत्कार की भावना का परिचय देते हुए प्रदर्शन में शामिल भाजपा महिला विंग की महिलाओं के स्वागत के लिए गुलाब के फूल, जलेबी, मिठाई, पानी, बिस्कुट एवं चाय की व्यवस्था की थी. कांग्रेसजनों की मंशा सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने और अतिथियों का सम्मान करने की थी, लेकिन इसके बावजूद कथित रूप से लाठी-डंडे एवं पत्थरों से हमला किया गया, जिसमें कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए. उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन मतभेदों को हिंसा में बदलना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है. राजनीतिक विरोध की आड़ में हिंसक व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शिष्टाचार के विरुद्ध है. कांग्रेस पार्टी इस तरह की घटनाओं की कड़ी भर्त्सना करती है. इसके पश्चात प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व प्रदेश सचिव समंता कुमार के आवास पर पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. दौरे के दौरान नेताओं ने बाराद्वारी स्थित अनुपम सिन्हा के आवास पर पहुंचकर उनके द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन तथा आंदोलन के क्रम में आत्मदाह की घटना से जुड़े मामले की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से समझते हुए संबंधित परिस्थितियों पर चर्चा की. इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री विजय खां के आवास पर आयोजित पूजा कार्यक्रम में शामिल हुए. इस अवसर पर उन्होंने आपसी सौहार्द, सामाजिक समरसता और संगठन की एकजुटता का संदेश दिया. इस दौरे के माध्यम से पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता प्रदेश ने स्पष्ट संदेश दिया कि कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़ी है. किसी भी कार्यकर्ता के साथ अन्याय होने पर पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाएगी और राजनीतिक हिंसा के विरुद्ध अपना संघर्ष जारी रखेगी. जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि संगठन के एक एक कार्यकर्ता हीरा के समान बहुमूल्य है। हम सभी राहुल गांधी के सेना है. इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता राकेश तिवारी, एल बी सिंह, अशोक चौधरी, रामाश्रय प्रसाद, बिजय यादव, आशुतोष सिंह, फिरोज खान, राकेश साहू, कौशल प्रधान, तनवीर खान, ज्योति मिश्र, ओमप्रकाश उपाध्याय सहित कांग्रेसजन शामिल हुए.





