रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : चक्रधरपुर के रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में हुई लाखों के मोबाइल की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. दुकान का शटर तोड़कर 52 मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह तक पुलिस पहुंच गई है. इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चोरी के 21 मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए हैं. चक्रधरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उक्त जानकारी दी. इस दौरान चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार भी मौजूद रहे. बता दें कि विगत 5 अक्टूबर को चक्रधरपुर थाना क्षेत्र स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था. अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के कुल 52 मोबाइल फोन की चोरी कर ली थी. घटना के बाद दुकान मालिक ने चक्रधरपुर थाना में इस संबंध में मामला दर्ज कराया था, जिसके आधार पर चक्रधरपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू की. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर एसडीपीओ डॉ सैयद मुस्तफा हाशमी और थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में छापामार टीम का गठन किया गया. पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापामारी और तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया. जांच के दौरान पांच आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार आरोपियों में मोतिहारी जिले के घोड़ासहन का निवासी नीतीश पटेल, पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल क्षेत्र का निवासी जितेंद्र साह उर्फ चोना और सुपौल जिले के राघोपुर का निवासी गोविंद चौधरी शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इस चोरीकांड में पुलिस को अहम सफलता मिली है. पुलिस ने चोरी गए कुल 52 मोबाइल फोन में से 21 मोबाइल बरामद कर लिए हैं. हालांकि, अभी 31 मोबाइल फोन की बरामदगी बाकी है. पुलिस के मुताबिक, मामले में दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी चल रही है. उन्होंने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के क्रम में सीआइडी की फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ टीम की भी मदद ली गई थी. पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.








