जादूगोड़ा : यूसिल की नरवा पहाड़ आवासीय कॉलोनी स्थित श्री श्री मां दुर्गा काली लक्ष्मी पूजा कमिटी के पूजा पंडाल का यूसिल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक ने फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की. उद्घाटन के मौके पर पूजा समिति के अध्यक्ष मनोरंजन माहली, खान प्रबंधक मनोज कुमार सिंह व अन्य पदाधिकारियों व पूजा समिति के सदस्यों ने यूसिल अध्यक्ष डॉ कंचम आनंद राव, कंपनी के तकनीकी निदेशक सलिल कुमार नाग एवं वित्त निदेशक विक्रम केसरी दास का स्वागत किया. पंडाल उद्घाटन के दौरान उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात कर दुर्गापूजा के आयोजन को लेकर उनका उत्साह बढ़ाया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण पर्व है. यह पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है. ऐसे आयोजनों से लोगों के बीच मेल-मिलाप बढ़ता है और सामाजिक सद्भाव मजबूत होता है. उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना हमें बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है.





