जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित कोहिनूर टावर के पास मंगलवार को सूखे पत्तों और कचरे में अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास किया और कुछ ही देर में आग बुझा दी. इससे एक बड़ा हादसा टल गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की सूचना दमकल विभाग को भी दी गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंचने तक लोगों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पा लिया था. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. स्थानीय लोगों ने खुले स्थानों पर जमा सूखे पत्तों और कचरे की नियमित सफाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.





