जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो पुल पर बुधवार देर रात विसर्जन जुलूस से लौटने के दौरान दो पूजा कमेटियों के सदस्यों के बीच विवाद हो गया. वाहनों को ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुई कहासुनी ने देखते ही देखते झड़प का रूप ले लिया. घटना के बाद पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान एक वाहन का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया. जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे विसर्जन के बाद लौट रहे वाहनों को ओवरटेक करने के प्रयास में दोनों पूजा कमेटियों के सदस्य आमने-सामने आ गए. पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया. घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने किया बल प्रयोग : विवाद बढ़ने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया. भीड़ के उग्र होने पर पुलिस को लोगों को तितर-बितर करने के लिए लाठियां भांजनी पड़ीं. इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के सदस्यों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और पुल पर स्थिति सामान्य हो गई. देर रात हुई इस घटना से कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बना रहा.





