जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के नामोटोला में 19 वर्षीय युवक अभिरुप दास की मौत से परिवार में मातम पसर गया. उसने मंगलवार देर रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अभिरुप अपने परिवार का इकलौता चिराग था. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मिली जानकारी के अनुसार, अभिरुप काफी समय से नामोटोला स्थित अपने नानी के घर पर रह रहा था. मंगलवार देर रात वह अपने कमरे में था. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान उसकी मां जब कमरे में पहुंचीं, तो बेटे को पंखे से लटका हुआ देखा. यह दृश्य देखते ही वह बदहवास हो गयीं. इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर परसुडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतरवाया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों के अनुसार, अभिरुप मानसिक रूप से स्वस्थ था. ऐसे में उसके इस कदम से परिवार के लोग स्तब्ध हैं. उसने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है. घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. युवक की मौत से नामोटोला में शोक का माहौल है.





