जमशेदपुर : टाटा मोटर्स की कैंटीन में सब्जी काटने वाली मशीन की सफाई के दौरान सोडेक्सो कंपनी के कर्मचारी तपन कुमार महतो गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में उनकी एक उंगली कटकर अलग हो गई, जबकि दो अन्य उंगलियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं. फिलहाल उनका इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में चल रहा है. जानकारी के अनुसार, तपन कुमार महतो शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे नाइट शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे थे. इसी दौरान मशीन की सफाई करते समय यह हादसा हुआ. उन्हें पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में टीएमएच रेफर कर दिया गया. कर्मचारी के अनुसार, अस्पताल पहुंचने में देरी के कारण कटी हुई उंगली को दोबारा जोड़ना संभव नहीं हो सका. (नीचे भी पढ़ें)
राजद नेता ने जाना हाल, मुआवजे की मांग : घटना की जानकारी मिलने पर राजद नेता विनोद यादव घायल कर्मचारी का हाल जानने टीएमएच पहुंचे. उन्होंने तपन महतो से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. इसके बाद सोडेक्सो कंपनी के अधिकारी पवन कुमार सिंह से भी बातचीत की. अधिकारी ने बताया कि कंपनी की ओर से कर्मचारी का इलाज कराया जा रहा है. हालांकि, मुआवजे के संबंध में उन्होंने जानकारी नहीं होने की बात कही. विनोद यादव ने कहा कि कर्मचारी को गंभीर शारीरिक क्षति हुई है. ऐसे में उचित मुआवजा और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है. उन्होंने मामले को लेकर उप श्रमायुक्त (डीएलसी) से मिलने और मुआवजे की मांग उठाने की बात कही. साथ ही, कार्यस्थल पर मशीनों की सफाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जांच और कर्मचारी को नियमानुसार सहायता देने की मांग की.





