जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा बाजार में पुलिस अधिकारियों के नाम पर कथित तौर पर रंगदारी मांगने पहुंचे एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद इलाके में हलचल मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है. बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक सरायकेला खरसावां जिले में स्क्रैप कारोबारियों से कथित तौर पर मंथली मांगने के मामले में भी चर्चा में रहा है. कारोबारियों का आरोप है कि युवक कभी खुद को पत्रकार तो कभी पुलिस अधिकारियों का करीबी बताकर पैसे देने का दबाव बनाता था. पैसे नहीं देने पर केस में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

कारोबारियों के मुताबिक, संबंधित युवक अपना नाम राकेश कोहली, राजेश कोहली या युवराज बताता है. उसके जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र का निवासी होने की बात भी कही जा रही है. हालांकि, उसकी पहचान और आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इस मामले को पिछले महीने आदित्यपुर थाना क्षेत्र में स्क्रैप कारोबार के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई से भी जोड़कर देखा जा रहा है. लेकिन इस संबंध में भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है और फरार व्यक्ति की भूमिका की जानकारी जुटाई जा रही है. मामले की जांच पूरी होने के बाद ही कथित रंगदारी प्रकरण की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.





