बोड़ाम : बोड़ाम थाना क्षेत्र में 24 घंटे के अंदर लगातार दूसरी बड़ी सड़क दुघर्टना हुई. टाटा- पटमदा मुख्य सड़क पर हलुदबनी पुलिस कैंप के पास शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक बाइक पर सवार 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस सक्रिय हुई. थाना प्रभारी नीरज कुमार ने घायलों को युवा समाजसेवी उमेश चंद्र महतो समेत स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. इलाज के दौरान बोंटा गांव निवासी 16 वर्षीय सुकदेव सिंह की मौत हो गई. सूत्रों के अनुसार कार पर सवार एक ही परिवार के कई सदस्य जमशेदपुर से पटमदा बाजार लौट रहे थे जबकि बाइक सवार युवक असित महतो (18) एवं उसका साथी सुकदेव सिंह (16) एक ही बाइक पर सवार होकर बोंटा गांव स्थित अपने घर से तेज रफ्तार में डिमना की ओर जा रहे थे और अनियंत्रित होकर कार से उनकी बाइक टकरा गई. (नीचे भी पढ़ें)

बताते हैं कि कार चालक द्वारा दोनों को बचाने का भरपूर प्रयास किया गया लेकिन तीखा मोड़ होने की वजह से बाइक कार से टकरा गई और कार के नीचे घुस गई. तेज रफ्तार के कारण कार ने बाइक को कई फीट तक घसीटा जिसके बाद अपने आप रुक गई. पुलिस ने दोनों ही वाहनों को जब्त कर लिया है और घटना की जांच की जा रही है. फिलहाल इस घटना में बोंटा गांव निवासी एक किशोर की मौत हो गई जबकि दूसरे घायल का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है.





