जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी निवासी मो. इरफान (करीब 20 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक देशी कट्टा, पांच गोलियां और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, युवक कथित तौर पर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से हथियार लेकर जा रहा था. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को जमशेदपुर के एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के रेलवे कंटेनर यार्ड के आसपास एक युवक अवैध देशी कट्टा और गोली लेकर घूम रहा है. सूचना में आशंका जताई गई थी कि वह किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में है.
सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे कंटेनर यार्ड के पास छापेमारी की. इसी दौरान पुलिस टीम को देखकर एक युवक भागने लगा. पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद युवक की तलाशी ली गई, जिसमें एक देशी कट्टा, पांच गोलियां और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार मो. इरफान ने पुलिस को बताया कि बरामद हथियार और गोलियां मुस्लिम बस्ती, कैरेज कॉलोनी निवासी मो. शाहिद (करीब 32 वर्ष) की हैं. युवक के अनुसार, मो. शाहिद ने उसे हथियार और गोलियां दी थीं तथा उसके कहने पर वह कथित तौर पर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए उन्हें लेकर जा रहा था.












