जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के एनएच 33 स्थित मुखियाडांगा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान मुखियाडांगा निवासी कालीपद कर्मकार के रूप में हुई है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया. मिली जानकारी के अनुसार, कालीपद कर्मकार शुक्रवार को पैदल सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य में लगे एक भारी वाहन की चपेट में आ गए. वाहन की चपेट में आने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
हादसा इतना भीषण था कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला. वह अपनी बेटी के घर से लौट रहे थे. कालीपद किसी सेक्योरिटी एजेंसी में काम करते थे. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए. परिवार के सदस्य की मौत से लोगों में भारी आक्रोश फैल गया. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर उतरकर आवागमन बाधित कर दिया. देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों में हादसे को लेकर काफी नाराजगी है. सड़क जाम होने के कारण आवागमन भी प्रभावित हुआ. फिलहाल घटनास्थल पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं दूसरी ओर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची है और ग्रामीणों को समझाने का काम कर रही है.












