जमशेदपुर : बहरागोड़ा के बरसोल थाना क्षेत्र के भूतिया पंचायत अंतर्गत शाखाभंगा गांव में करम पूजा देखने पहुंचे एक व्यक्ति की बिजली के करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान कदमडीहा गांव निवासी 43 वर्षीय रवि मुंडा के रूप में हुई है. इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. रवि अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियां छोड़ गए हैं. पिता की असमय मौत से तीनों बच्चे अनाथ हो गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार, रबि मुंडा करम पूजा देखने के लिए अपने रिश्तेदार के घर शाखाभंगा गांव पहुंचे थे. इसी दौरान बुधवार रात हुई तेज बारिश के कारण बिजली का एक जीवित तार टूटकर जमीन पर गिर गया था. शुक्रवार को किसी काम से वहां पहुंचे रवि मुंडा अचानक उसी तार की चपेट में आ गए. करंट इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सूचना मिलने पर बरसोल थाना के पुलिस अधिकारी सिकंदर यादव और मनोज कुमार मौके पर पहुंचे एवं मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया. इस घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है. ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में बिजली के तारों की हालत जर्जर है. बारिश और तेज हवा के दौरान तार टूटकर गिरने की घटनाओं से लोगों की जान पर खतरा बना रहता है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों की नियमित जांच कराने और ग्रामीण इलाकों में बिजली सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.












