रामगोपाल जेना, चक्रधरपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड की नकटी पंचायत अंतर्गत बांगरासाई गांव में ग्रामीणों की वर्षों पुरानी सड़क समस्या दूर होने जा रही है. झारखंड सरकार के जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी ) मद से पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया. चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव, विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई, पिरु हेम्ब्रम, जिला परिषद सदस्य बसंती पूर्ति एवं ग्राम मुंडा साधु बोदरा ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया. (नीचे भी पढ़े)

इस अवसर पर ग्रामीणों ने अतिथियों का स्वागत किया. मौके पर सन्नी उरांव ने कहा कि बांगरासाई गांव में सड़क नहीं होने के कारण ग्रामीणों को राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) तक पहुंचने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था.खासकर मरीजों को अस्पताल ले जाने के दौरान भारी कठिनाइयां होती थीं. कई बार समय पर वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण लोगों को अपनी जान तक गंवानी पड़ी है. अब करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से दो किलोमीटर पीसीसी सड़क के साथ तीन पुल-पुलियों का निर्माण कराया जाएगा. इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी.












