जमशेदपुर : दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को राहुल गांधी के नेतृत्व में आयोजित होने वाली विशाल ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ रैली में हिस्सा लेने पहुंचे जमशेदपुर के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने आज देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उनके समाधि स्थल ‘शक्ति स्थल’ पहुंचकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. श्रद्धांजलि देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर मनोज कुमार सिंह, कोल्हान इंटक प्रभारी राणा सिंह, प्रदेश सचिव उपेंद्र तिवारी, गुलज़ार सिंह और राजेंद्र सिंह मुख्य रूप से शामिल रहे. (नीचे भी पढ़े)
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के उपरांत जमशेदपुर के नेताओं ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के शीर्ष पदाधिकारियों एवं झारखंड के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की तथा 1 नवंबर को होने वाली महारैली की रणनीति और तैयारियों की समीक्षा की. नेता द्वय ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा, पूर्व अध्यक्ष नेटा डिसूजा, एआईसीसी पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी, झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू तथा झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से विशेष मुलाकात की. मुलाकात के दौरान नेताओं ने बताया कि 1 नवंबर को रामलीला मैदान में जनसैलाब उमड़ेगा। जमशेदपुर और झारखंड से पहुंचे कार्यकर्ताओं में रैली को लेकर भारी उत्साह है. नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के दिखाए देशभक्ति और साहस के मार्ग पर चलते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान की रक्षा के लिए राहुल गांधी के कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं.












