जमशेदपुर /रांची : कोल्हान सहित पूरे झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के बाद चक्रवाती तूफान मुरासु का असर देखने मिलेगा. हालांकि, चक्रवात मुरासु का असर अर्नब की तरह नहीं होगा. झारखंड में हल्की बारिश के ही आसार है. मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात ‘मुरासु’ 2 नवंबर की सुबह तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल चुका है. इसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है. तूफान के 2 नवंबर की आधी रात से 3 नवंबर की सुबह के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट पार करने का अनुमान है. इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि तेज झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की आशंका है. (नीचे भी पढ़ें)
4 नवंबर तक बूंदाबांदी के आसार : मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार राज्य में 4 तक बादलों का आना जाना लगा रहेगा. इस दौरान कोल्हान सहित राज्य के अधिकांश जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है. 5 नवंबर से सुबह कुहासे के बाद मौसम साफ रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्वानुमान अनुसार आज यानी सोमवार को राज्य के उत्तर पूर्वी (देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज), मध्य (रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद), दक्षिणी (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां) जिले में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. 3 नंबर को राज्य के दक्षिणी और निकटवर्ती मध्य हिस्सों में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले में बूंदाबांदी की संभावना है. 4 नंबर को राज्य के दक्षिणी हिस्सों में यानी पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले में हल्की बारिश के आसार है. (नीचे भी पढ़ें)
अगले पांच दिन कैसा रहे मौसम : राज्य में अगले 5 दिन के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. अगले 2 दिन न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. तत्पश्चात अगले 3 दिन न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरें (2-4) की गिरावट होने की संभावना है.












