जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में न्याय की गुहार लगाने पहुंची महिला के साथ दुष्कर्म की जघन्य घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है. रविवार को भाजपा जमशेदपुर महानगर के सभी 28 मंडलों में महिला मोर्चा मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर घटना के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया. इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता सड़क पर उतरीं और राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा एवं दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की. इस अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि थाने में न्याय की गुहार लेकर पहुंची महिला के साथ दुष्कर्म की जघन्य घटना ने पूरे झारखंड को शर्मसार कर दिया है. पति की प्रताड़ना से परेशान होकर देर रात सुरक्षा और न्याय की उम्मीद में थाने पहुंची महिला के साथ यदि रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो राज्य की कानून-व्यवस्था की बदहाली का इससे बड़ा प्रमाण क्या होगा. उन्होंने कहा कि झामुमो-कांग्रेस सरकार के शासन में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सवालों के घेरे में है. पूरे झारखंड में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अत्याचार और दुष्कर्म की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं. ऐसे जघन्य मामलों में दोषियों को सजा मिलने में हो रही देरी अपराधियों के मनोबल को बढ़ावा देती है. (नीचे भी पढ़ें)

विधायक पूर्णिमा साहू ने मांग की कि इस मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, आरोपी पुलिसकर्मी को तत्काल बर्खास्त कर उसके विरुद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए और कठोरतम सजा सुनिश्चित की जाए. साथ ही पीड़िता को पूर्ण सुरक्षा और न्याय मिले. जब थाने के भीतर ही महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है. भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के लिए अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी. वहीं, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीलू मछुआ ने झामुमो-कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस थाने में महिलाएं अपनी फरियाद लेकर सुरक्षा और न्याय की उम्मीद से पहुंचती हैं, वहीं उनके साथ ऐसी घिनौनी घटना होना राज्य सरकार के लिए शर्मनाक है. हेमंत सोरेन सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और महिलाएं भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं. सरकार महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है. उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी. जब तक पीड़िता को न्याय और दोषी पुलिसकर्मी को कठोरतम सजा नहीं मिलती, तब तक भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा. इस दौरान विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता एवं आम नागरिकगण मौजूद रहे.












